वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में शनिवार को 13 बच्चों के दशकर्म कार्यक्रम के दौरान हिंसक झड़प हो गई। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश सचिव अजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि बीते 13 अक्टूबर को राघोपुर में गंगा की सोती में नाव पलटने से 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इन्हीं बच्चों के दशकर्म का कार्यक्रम रविवार को रखा गया था। कार्यक्रम में शामिल होने और पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए सबसे पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर गांव पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशांत किशोर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दे रहे थे।
इसी दौरान स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति और स्थानीय जदयू नेता के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे जदयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव पर हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
10 मिनट में ही गांव से निकल गए प्रशांत किशोर
अचानक हुई हिंसक झड़प के कारण कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशांत किशोर करीब 10 मिनट के भीतर ही अपने काफिले के साथ गांव से निकल गए। उनके समर्थक भी उनके साथ रवाना हो गए।